दिल्ली में देर रात भीषण आग: गोकुलपुरी में बहुमंजिला इमारत में फंसे लोगों का रेस्क्यू

नई दिल्ली : पूर्वी गोकुलपुरी इलाके में रविवार देर रात एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे, जिनमें से कुछ धुएं और लपटों के बीच फंस गए। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कैसे लगी आग?

दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जांच में सामने आया कि आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़े दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल से शुरू हुई। वाहनों में लगी आग से उठने वाला घना धुआं तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे ऊपरी फ्लोर पर रह रहे लोग घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।

जान बचाने के लिए लगाई छलांग

हादसे के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ लोगों को अपनी जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगानी पड़ी। इनमें निखत (22), रशीदा (50), सोनी (25) और 2 साल का बच्चा आसिफ शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जग प्रवेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

दमकल टीम ने ऐसे किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही 11 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए लोगों में सुवेद (12), दूवेद (10), आरिफा (28) और फराह (14) शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

एक घंटे में आग पर काबू

दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन आग लगने के सटीक कारणों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *