कमल कौर भाभी हत्याकांड में बड़ी सफलता: मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों UAE से गिरफ्तार, भारत लाया गया

बठिंडा, 10 अप्रैल 2026 : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ “कमल कौर भाभी” हत्याकांड में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को UAE से गिरफ्तार कर भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली पर 10 अप्रैल की सुबह गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद उसे बठिंडा लाया गया। आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

कैसे हुआ था सनसनीखेज मर्डर?

यह वारदात जून 2025 की है, जब कंचन कुमारी को एक प्रमोशनल इवेंट के बहाने बठिंडा बुलाया गया था। 11 जून 2025 को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर उसका अपहरण किया, गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को शहर के एक अस्पताल के बाहर खड़ी कार में छोड़ दिया।

वारदात के बाद देश छोड़कर भागा आरोपी

बठिंडा पुलिस के अनुसार, हत्या के कुछ ही घंटों में मेहरों अपने साथी रंजीत सिंह की मदद से देश से फरार हो गया था। वह 10 जून 2025 को अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से UAE भाग गया, क्योंकि उसे अपने खिलाफ ‘लुक-आउट सर्कुलर’ (LOC) जारी होने का डर था।

OFTEC और इंटरपोल की अहम भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग की विशेष यूनिट OFTEC, केंद्रीय एजेंसियों और इंटरपोल के सहयोग से संभव हो पाई। मध्य पूर्व में उसकी लोकेशन ट्रैक की गई और कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।

पहले ही पकड़े जा चुके थे साथी

इस मामले में मेहरों के तीन साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, मुख्य आरोपी लंबे समय से फरार था और अदालत ने उसे ‘घोषित अपराधी’ (PO) घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति

पंजाब पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए संगठित अपराध के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराया है। पुलिस का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *